‘संगठन सृजन अभियान’ को मिला नया बल: कांग्रेस में शामिल हुए प्रणय धार्मिक और समर्थक

भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए युवा नेता प्रणय धार्मिक, बोले- कांग्रेस ही किसानों, गरीबों और युवाओं की सच्ची हितैषी पार्टी

वारासिवनी।

राजनीतिक हलकों में हलचल मचाते हुए आज वारासिवनी के उभरते युवा नेता प्रणय धार्मिक ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल होते हुए उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस ही देश के किसानों, मजदूरों, युवाओं और समाज के वंचित तबकों के लिए सच्चे दिल से काम करने वाली पार्टी है।

किसानों और युवाओं की समस्याओं को लेकर मुखर हुए प्रणय धार्मिक

कांग्रेस में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रणय धार्मिक ने कहा कि देश और प्रदेश में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। वहीं दूसरी ओर पढ़े-लिखे युवा हाथ में डिग्रियां लेकर बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। सरकारें सिर्फ वादे कर रही हैं, लेकिन जमीन पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहीं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें भटकाने में लगा हुआ है। जबकि आज का युवा बेहद सक्षम और मेहनती है, लेकिन उसे सही दिशा और अवसर नहीं मिल पा रहा। ऐसे में कांग्रेस पार्टी ही एकमात्र ऐसा मंच है जो बिना जाति-धर्म के भेदभाव के सभी वर्गों को साथ लेकर देश का विकास करना चाहती है।

कांग्रेस की नीतियों से प्रभावित होकर लिया फैसला

प्रणय धार्मिक ने बताया कि कांग्रेस की समावेशी नीति और राहुल गांधी की विचारधारा से प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस का हाथ थामा है। उन्होंने कहा कि “राहुल गांधी की सोच है कि जो कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर पार्टी के लिए मेहनत करता है, उसे सम्मान मिलना चाहिए। यही सोच पार्टी को आम लोगों से जोड़ती है।

यह भी कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में शुरू होने वाला ‘संगठन सृजन अभियान’ कांग्रेस को जमीनी स्तर पर और सशक्त बनाएगा। यह अभियान किसानों, मजदूरों, युवाओं और समाज के वंचित वर्गों को कांग्रेस से जोड़ने का एक मजबूत जरिया बनेगा।

भाजपा छोड़ कांग्रेस में आए कई अन्य कार्यकर्ता

प्रणय धार्मिक के साथ भाजपा के कई अन्य युवा और सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस का दामन थामा। इनमें बब्लू डोंगरे, आयुष राहंगडाले, सिद्धार्थ मेश्राम, आयुष भारद्वाज, सिद्धार्थ पाटिल, आयुष देवारे, श्रीमति जिया आलोक बिसेन, दिव्या जामुनपाने समेत कई अन्य नाम शामिल हैं। सभी को केंद्रीय पर्यवेक्षक सूरज हेगड़े, जिलाध्यक्ष संजय उईके और विधायक विवेक पटेल ने कांग्रेस का गमछा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया।

नए ऊर्जा और उम्मीद के साथ कांग्रेस को करेंगे मजबूत

प्रणय धार्मिक ने अंत में कहा कि अब वह और उनके साथी मिलकर जिले और वारासिवनी में कांग्रेस को जमीनी स्तर पर और मजबूत करेंगे। उनका लक्ष्य है कि हर जरूरतमंद की आवाज को सत्ता के गलियारों तक पहुंचाया जाए और देश की लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा की जाए।

Author Profile

Reporter
Reporter
Head Writer for technology and AI at mpcgsamachar.in. He specializes in demystifying the latest advancements in Artificial Intelligence and the broader tech industry, providing readers with clear, insightful analysis on innovation and its real-world impact.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top