इंदौर में बारिश

इंदौर में बारिश से जलभराव-बिजली गुल पर कांग्रेस का प्रदर्शन : शहर अध्यक्ष बोले- स्मार्ट सिटी के कामों की पोल खुलीं; मालवा उत्सव 2 दिन बाद होगा

इंदौर में रविवार हुई तेज बारिश ने स्मार्ट सिटी की पोल खोल कर रख दी। शहर के कई इलाकों में जलजमाव हो गया, वहीं आधी रात तक इंदौर के 70% इलाकों में बिजली गुल रही। बिजली की लंबे समय तक सप्लाई बाधित रहने से कांग्रेस ने प्रदर्शन करते हुए बिजली कंपनी के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला जलाया।

वहीं, इंदौर में ज्यादा बारिश के कारण कल से शुरू होने वाला मालवा उत्सव भी दो दिन के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। इसकी जानकारी सांसद शंकर लालवानी ने दी है।

शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि कई घंटे तक आम जनता को अंधेरे में रहना पड़ा। बारिश के कारण जगह-जगह सड़कों और गड्ढों में पानी भर गया। कांग्रेस ने इस सब के खिलाफ विद्युत मंडल, नगर निगम और भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला जलाया।

यादव ने कहा कि बारिश के कारण पूरा शहर कई घंटे अंधेरे में डूबा रहा और आमजन परेशान होते रहे। कई जगहों पर तो सुबह तक बिजली नहीं आई। यह मुख्यमंत्री यादव के प्रभार वाला जिला है, जहां अंधेर नगरी चौपट राजा, जनता त्रस्त और भाजपा सरकार व उनके अधिकारी मस्त हैं।

यह स्थिति इसलिए बनी क्योंकि विद्युत मंडल द्वारा समय पर मेंटेनेंस नहीं किया गया, जिससे आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। अधिकारी एयर कंडीशनर में बैठकर योजनाएं बनाते हैं और केवल अपने घरों और कार्यालयों की व्यवस्था दुरुस्त रखते हैं, जबकि जनता अंधेरे में जागती है।

कांग्रेस ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया ने शहर की दुर्व्यवस्था पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि इंदौर नगर निगम का जमीनी सिस्टम पूरी तरह से खत्म हो चुका है। निगम के अधिकारी अब भाजपा पार्षदों की भी नहीं सुनते। बेमौसम हुई बारिश ने लापरवाह सिस्टम और स्मार्ट सिटी के विकास कार्यों की पोल खोलकर रख दी है। शहर की ड्रेनेज लाइनें जाम हैं, जिससे लोगों के घरों में पानी भर गया। मध्य प्रदेश विद्युत निगम के मेंटेनेंस कार्य की स्थिति भी उजागर हो गई।

पूरा शहर अंधेरे में डूब गया, यातायात व्यवस्था चरमरा गई। रिंग रोड से लेकर बीआरटीएस तक घंटों जाम की स्थिति रही। भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष और पूर्व निगम सभापति कैलाश शर्मा की एक फोटो वायरल हुई, जिसमें वे खुद अपने घर में भरे पानी को बाल्टी से बाहर निकालते नजर आए।

भाजपा के जनप्रतिनिधियों को केवल रील बनाने, हेडलाइन मैनेज करने और फोटोबाजी में रुचि है, जनता की परेशानी से उन्हें कोई सरोकार नहीं है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि सरकारी विभागों ने जनता की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया, तो कांग्रेस उग्र प्रदर्शन करेगी।

बिजली कंपनी बोली- रात से सुधार काम जारी

बिजली कंपनी ने अधिकृत बयान जारी करते हुए कहा कि चाहे शहर का पूर्वी, पश्चिमी या उत्तरी क्षेत्र हो, रविवार को मौसम में आए भारी बदलाव से बिजली आपूर्ति बाधित हुई। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद रविवार शाम 4 बजे से अब तक 500 से अधिक कर्मचारी बिजली सुधार कार्य में लगे हुए हैं।

बिजली कर्मचारी रात में टॉर्च की रोशनी में फॉल्ट ढूंढ रहे हैं और 15-20 फीट ऊंचाई तक जाकर पेड़ या टहनियों को लाइनों से हटा रहे हैं। अब तक 50 से ज्यादा स्थानों से टीन शेड, टहनियां, पेड़, त्रिपाल, फ्लेक्स या होर्डिंग हटाए जा चुके हैं और आपूर्ति सामान्य की जा चुकी है।

90% प्रभावित फीडरों की आपूर्ति बहाल की जा चुकी है। बिजली कंपनी के सैकड़ों कर्मचारी ग्रिड, 33 केवी लाइन, 11 केवी लाइन, ट्रांसफॉर्मर और एलटी लाइन के पास कार्य कर रहे हैं ताकि उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिल सके। बिजली वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अनुप कुमार सिंह स्वयं हर घंटे सुधार कार्य की अपडेट ले रहे हैं।

मालवा उत्सव का आयोजन अब 8 मई से

इंदौर में कल से शुरू होने वाला मालवा उत्सव अब दो दिन बाद, यानी 8 मई से आयोजित किया जाएगा। सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि भारी बारिश के चलते यह फैसला लिया गया है। आयोजन 8 से 14 मई तक लालबाग परिसर में होगा। इस बार यह उत्सव देशभर के आदिवासी नृत्यों, लोक नृत्यों और जनजातीय कला की छाप लिए होगा। उत्सव रोजाना शाम 4 बजे से शुरू होगा।

शाम 7:30 बजे से उत्तरांचल, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गुजरात के लोक कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। लालबाग परिसर में प्रतिदिन लोक नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। साथ ही मालवा के पारंपरिक व्यंजनों के साथ दक्षिण भारतीय, महाराष्ट्रीयन और पंजाबी व्यंजन भी उपलब्ध होंगे।

Author Profile

Reporter
Reporter
Head Writer for technology and AI at mpcgsamachar.in. He specializes in demystifying the latest advancements in Artificial Intelligence and the broader tech industry, providing readers with clear, insightful analysis on innovation and its real-world impact.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top