रायपुर में ट्रक-ट्रेलर की टक्कर, 13 की मौत : टोल से बचने ड्राइवर ने दूसरा रास्ता पकड़ा; ट्रेलर से 3 फीट बाहर निकला था लोहा

रायपुर में रविवार देर रात मिनी ट्रक और ट्रैलर की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई। 13 लोग घायल हुए हैं। ट्रक में सवार ये सभी लोग छठी के कार्यक्रम से लौट रहे थे। ट्रक खरोरा के बाना गांव से आ रहा था। बंगोली में इसे रायपुर से आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी।

मृतकों में 3 बच्चे और 10 महिलाएं शामिल हैं। सभी का अंतिम संस्कार आज उनके गांव में दोपहर को किया जाएगा। वहीं बच्चों सहित 13 घायलों का इलाज मेकाहारा में जारी है, सभी खतरे से बाहर हैं।

बता दें कि ट्रेलर झारखंड पासिंग है। टोल नाके से बचने के चक्कर में ड्राइवर ने दूसरा रास्ता पकड़ा और हादसा हो गया। हादसा इतना दर्दनाक था कि कई महिलाओं और बच्चों के शरीर के टुकड़े हो गए। मिनी ट्रक में सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान ट्रेलर के साइड से करीब 3 फीट बाहर निकले लोहे (हैवी मशीन का हिस्सा) से टक्कर हो गई।

छठी से लौट रहा था साहू परिवार

रायपुर SSP डॉ. लाल उमेद सिंह से मिली जानकारी के मुताबिक, चटोद गांव निवासी पुनीत राम साहू का परिवार और रिश्तेदार बाना गांव में छट्ठी कार्यक्रम से लौट रहे थे। यह सभी मिनी ट्रक में सवार थे। इस दौरान बंगोनी गांव के पास पहुंचे थे।

तभी सामने से आ रहे ट्रेलर के ऊपर लोड मशीनरी पार्ट के साइड से निकले लोहे से गाड़ी टकरा गईं। हादसे के बाद मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर ट्रेलर के पीछे आ रही दूसरी ट्रक में जा भिड़ी।

शरीर के दो टुकड़े हुए, लाशें सड़क पर बिखरी

कुछ ही सेकंड में मिनी ट्रक एक के बाद एक दो गाड़ियों से टकरा गई। भीषण एक्सीडेंट के बाद उसमें सवार महिलाएं और बच्चे बुरी तरह जख्मी हो गए। इनमें से कई हवा में उछलकर सड़क पर गिर गए। जिससे उनका सिर फट गया और मौत हो गई। कुछ बच्चे और महिलाएं ट्रक के लोहे की बॉडी में टकरा गए।

पुलिस ने पीछा कर ट्रेलर चालक को पकड़ा

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, मिनी ट्रक सबसे पहले ट्रेलर के साइड से निकले लोहे के पार्ट से टकराई है। जो ट्रक की बॉडी से करीब 3-3 फीट दोनों तरफ बाहर निकला हुआ था। अंधेरे की वजह से वह दिखा नहीं।

ट्रेलर का ड्राइवर अमित कुमार बर्मन है जो पश्चिम सिंहभूम जिला झारखंड का रहने वाला है। ट्रेलर का मालिक भी वही है। एक्सीडेंट के बाद वह मौके से फरार हो गया था लेकिन पुलिस ने पीछा करके उसे पकड़ लिया।

डीजल टैंक फटने से बचा, आग का था खतरा

ट्रेलर से टकराने के बाद मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर एक अन्य ट्रक के डीजल टैंक के हिस्से में टकराई। जिससे ट्रक में भरा हुआ डीजल सड़क पर पूरी तरह बिखर गया। इस भीषण टक्कर के दौरान अगर कोई चिंगारी निकलती तो वह सड़क पर बिखरे हुए डीजल में फौरन आग पकड़ लेती। जिससे आशंका थी कि डीजल का टैंक ब्लास्ट हो जाता और मिनी ट्रक में घायल पड़े लोग आग की चपेट में आ जाते।

सड़क पर एंबुलेंस की लगी रही लाइन

इस घटना के बाद खरोरा से रायपुर की ओर एक के बाद एक एंबुलेंस दिखने लगी। आसपास से गुजर रहे लोग अपनी गाड़ियों से उतरकर घायलों को एंबुलेंस में चढ़ाने लगे। मौके पर जिला प्रशासन और पुलिसकर्मी भी पहुंचे।

शुरुआत में कुछ घायलों को निजी अस्पताल ले जाया गया। लेकिन गंभीर हालत होने की वजह से उन्हें मेकाहारा रेफर कर दिया गया। फिलहाल मेकाहारा में घायलों का इलाज और मृतकों का पोस्टमॉर्टम जारी है। वहीं परिजनों को शव सौंपने के बाद उनके गांवों में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

 

हादसे की कुछ और तस्वीरें देखिए

Author Profile

Reporter
Reporter
Head Writer for technology and AI at mpcgsamachar.in. He specializes in demystifying the latest advancements in Artificial Intelligence and the broader tech industry, providing readers with clear, insightful analysis on innovation and its real-world impact.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top