दोनों मासूम खेलते-खेलते घर के पीछे अधूरे सेप्टिक टैंक में गिर गए, जो हालिया बारिश के पानी से भरा हुआ था। देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश की और गड्ढे में दोनों के शव मिले।
केवलारी थाना क्षेत्र के खापा गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में पांच साल के दो जुड़वां भाइयों की मौत हो गई। दोनों मासूम खेलते-खेलते घर के पीछे बने अधूरे सेप्टिक टैंक में गिर गए, जो बारिश का पानी भरने से जानलेवा गड्ढा बन चुका था। हादसे के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है। वहीं परिजन गहरे सदमे में हैं। गांव निवासी रामजी झारिया ने अपने घर के पीछे सेप्टिक टैंक के लिए गड्ढा खुदवाया था। शुक्रवार को हुई तेज बारिश के कारण यह गड्ढा चार फीट तक पानी से भर गया। शनिवार शाम करीब 4 बजे रामजी के जुड़वां बेटे प्रबल और प्रभात खेलते-खेलते इसी गड्ढे में जा गिरे।