देश का दूसरा सबसे साफ शहर बना ,भोपाल स्वच्छता सर्वेक्षण में भोपाल ने लगाई छलांग

10 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों की कैटेगरी में भोपाल को मिला अवॉर्ड…

भोपाल। स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 के आंकड़े जारी हो चुके हैं। भोपाल को स्वच्छता सर्वेक्षण में देश का दूसरा सबसे साफ शहर घोषित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में भोपाल को यह पुरस्कार दिया। 

भोपाल ने इस बार के सर्वेक्षण में तीन स्थान की छलांग लगाई है और 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की कैटेगरी में दूसरा स्थान हासिल किया है। इससे पहले भोपाल पांचवें स्थान पर था। कचरे की प्रोसेसिंग में सुधार और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन की व्यवस्था को और पुख्ता कर भोपाल ने दावा मजबूत किया है।

 

 

पुरस्कार लेने के लिए भोपाल की महापौर मालती राय और निगम आयुक्त हरेंद्र नारायण दिल्ली पहुंचे थे।निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने बताया कि छह साल बाद भोपाल फिर से टॉप-2 में आया है, इसलिए शहर में जश्न भी बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। स्वच्छता मित्रों और नागरिकों के साथ मिलकर लड्डू बांटे जाएंगे और सम्मान का जश्न मनाया जाएगा।

जीआईएस के चलते राजधानी में 100 करोड़ रुपए से ज्यादा के काम शहर में हुए हैं। इसमें स्वच्छता से जुड़े काम भी शामिल थे। इसी दौरान स्वच्छता सर्वेक्षण टीमें भी भोपाल पहुंची थी। इस वजह से भी भोपाल की दावेदारी मजबूत हुई। 

बता दें कि स्वच्छ सर्वेक्षण में भोपाल ने 2017 और 2018 में लगातार दो साल देश में दूसरी रैंक हासिल की थी। हालांकि, 2019 में भोपाल खिसककर 19वें नंबर पर आ गया। साल 2020 में कम बैक करते हुए 12 पायदान ऊपर खिसका और 7वीं रैंक हासिल की।
2021 के सर्वेक्षण में भी भोपाल ने 7वां स्थान हासिल किया था। 2022 के सर्वेक्षण में भोपाल की रैंक सुधरी और यह छठवें स्थान पर आ गया। 2023 के सर्वेक्षण में पांचवीं रैंकिंग रही थी। इस बार शहर को दूसरे स्थान पर रखा गया है।

उधर, देश में सुपर स्वच्छ लीग में पहले नंबर पर मध्य प्रदेश के इंदौर को अवॉर्ड मिला है। साल 2021 से 2023 के बीच जो शहर टॉप-3 में रहे, उन्हें सुपर स्वच्छ लीग में शामिल किया गया था। इस कैटिगरी में सूरत को दूसरा और नवी मुंबई को तीसरा स्थान मिला है।

Author Profile

Reporter
Reporter
Head Writer for technology and AI at mpcgsamachar.in. He specializes in demystifying the latest advancements in Artificial Intelligence and the broader tech industry, providing readers with clear, insightful analysis on innovation and its real-world impact.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top