ज्वेलरी-शॉप में कर्मचारी को उल्टा लेटाकर दबोचा, हाथ-पैर बांधकर लूट : धार में नकाबपोश कट्‌टा लेकर घुसे, फायरिंग कर भागे, 7 गिरफ्तार

धार जिले के सिंघाना में ज्वेलरी शॉप में घुसकर बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर लूटपाट की। दो बदमाश कर्मचारी को उल्टा लिटाकर उसके ऊपर बैठ गए। उसके पैर बांध दिए। दो स्कूल बैग में सोने-चांदी के जेवर और सवा लाख रुपए कैश लेकर भाग गए। कर्मचारी का शोर सुनकर लोग बदमाशों के पीछे दौड़े। बदमाशों ने बचने के लिए भागते हुए फायरिंग भी की। घबराकर जेवर, रुपयों से भरा बैग और बाइक छोड़कर भाग निकले थे।

घायल कर्मचारी (मुनीम) शाहजी माने के सिर में चार टांके आए हैं। वारदात शनिवार रात करीब 9 बजे सिंघाना के जगन्नाथ ज्वेलर्स की है। यह दुकान कुक्षी के रहने वाले मदनलाल वाघमारे की है। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में भी रिकॉर्ड हुई है।

पुलिस ने 24 घंटे में ही लूट का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 400 ग्राम सोने के आभूषण, 20 किलो चांदी के आभूषण के अलावा 1 लाख 30 हजार कैश बरामद कर लिए हैं।

वारदात की 5 तस्वीरें देखिए-

एक आरोपी को कल रात में गिरफ्तार किया
एएसपी गीतेश कुमार गर्ग ने बताया कि चार बदमाश दुकान के अंदर घुसे थे। दो दुकान के बाहर बाइक पर थे। पुलिस ने सूचना मिलते ही इलाके की घेराबंदी की। बदमाशों की एक बाइक खराब होने पर दो आरोपी पैदल भागने लगे थे। इसमें से एक आरोपी राहुल निषाद (25) को शनिवार रात को ही पकड़ लिया गया था। वह यूपी के फिरोजाबाद का रहने वाला है। उसके पास से सोने-चांदी और नकदी से भरा बैग जब्त किया गया था।

बाकी आरोपियों को बोलेरो समेत देवास में पकड़ा
जांच के दौरान पता चला कि बाकी आरोपी बोलेरो से देवास की ओर भागे। देवास पुलिस की मदद से नाकाबंदी कर बदमाशों को गाड़ी समेत गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों में कल्याण निषाद (28), दीपक दिवाकर (32), शिवराम यादव (22), आसिफ अब्बासी (23), सर्वेश निषाद (20),विरभान निषाद (28) शामिल हैं। ये सभी यूपी के रहने वाले हैं। आरोपियों में से एक राहुल पर यूपी में सात केस दर्ज हैं।

दो मिनट 11 सेकेंड के वीडियो में वारदात
घटना के दूसरे दिन 2 मिनट 11 सेकेंड का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। वीडियो में दुकान में चार नकाबपोश बदमाश दिख रहे हैं। दो बदमाश मुनीम शाहजी माने को उल्टा लिटाकर उसके ऊपर बैठे हैं। मुंह में कपड़ा ठूंस रखा है। दो बदमाश सामान समेटने में लगे हैं।

एक बदमाश ने दुकान में बिछी चादर को खींचा और मुनीम के पैर बांध दिए। फिर दो लोगों ने अलमारी और काउंटर से जेवर निकालकर बैग में भरे। पूरे समय एक बदमाश ने मुनीम को दबोचे रखा। आखिर में चारों बदमाश बैग में जेवर भरकर बाहर निकलकर भाग निकलते हैं।

हिसाब-किताब करते समय आ धमके बदमाश
जगन्नाथ ज्वेलर्स के मुनीम शाहजी माने ने बताया- मैं रात करीब 9 बजे दुकान की बड़ी शटर बंद करके छोटी शटर खुली रखकर अंदर अकेला ग्राहकी का हिसाब मिला रहा था। इसी दौरान चार नकाबपोश बदमाश आ गए। उनकी उम्र करीब 35 से 40 साल के बीच रही होगी।

उन्होंने आते ही पिस्टल तान दी। जान से मारने की धमकी देने लगे। मेरा गला दबा दिया। वह गोली चलाने वाले थे, तो मैंने पिस्टल पकड़ ली। दो बदमाशों ने तो पिस्टल के बट से सिर पर वार कर दिया। इससे मैं बेहोश होकर गिर गया।

लोग पीछे पड़े, तो माल छोड़कर भागे बदमाश
बदमाशों के भागने के बाद मुनीम ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी पहुंच गए और पुलिस को सूचना दे दी। लोगों ने बदमाशों का पीछा भी किया। पीछा करते हुए लोग पीपली रोड पर पहुंचे। यहां बदमाशों ने बचने के लिए चार राउंड फायर किए।

अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश बाइक छोड़कर भाग निकले। दोनों बैगों को पत्थर के नीचे छिपा दिया। पुलिस ने रात में ही मोबाइल टॉर्च की मदद से सर्चिंग कर छिपाया गया माल बरामद कर लिया।

गुजरात में हुई चोरी में इसी बाइक का इस्तेमाल
सिंघाना चौकी प्रभारी प्रकाश सरोदे ने बताया कि सूचना पर पुलिस फौरन मौके पर पहुंच गई। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस टीम दबिश देने के लिए रवाना की गई थी। पता चला कि चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक गुजरात की है। दाहोद में शुक्रवार रात चोरी की घटना हुई थी। इसमें इसी बाइक का इस्तेमाल किया था।

Author Profile

Reporter
Reporter
Head Writer for technology and AI at mpcgsamachar.in. He specializes in demystifying the latest advancements in Artificial Intelligence and the broader tech industry, providing readers with clear, insightful analysis on innovation and its real-world impact.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top