सड़क हादसे में 15 वर्षीय अनुष्का की मौत : 10वीं पास होने पर सेलिब्रेट करने नानी के घर गई, लौटते समय हुआ हादसा, मां घायल

शहर के बजरंग नगर क्षेत्र में रहने वाली 15 वर्षीय अनुष्का तिवारी की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उसकी मां भारती तिवारी घायल हुई हैं, जिनका इलाज चल रहा है। यह हादसा मंगलवार रात सिक्का स्कूल के पास हुआ, जब दोनों स्कूटी से लाहिया कॉलोनी से लौट रही थीं। परिवार ने अस्पताल पर समय से इलाज न करने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से उच्च स्तरीय जांच और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।

लसूडिया थाना पुलिस के अनुसार, अनुष्का अपनी मां के साथ नानी से मिलने गई थी, वहां से वापस घर लौट रही थीं तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। राहगीरों की सूचना पर दोनों को तत्काल बीमा अस्पताल पहुंचाया गया। जहां मां भारती का इलाज शुरू हो गया, लेकिन अनुष्का को समय पर इलाज नहीं मिल सका, जिसके चलते अस्पताल में ही उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

अनुष्का के पिता अरुण तिवारी ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि हादसे के बाद अनुष्का को अस्पताल लाया गया था, लेकिन डॉक्टरों और स्टाफ ने समय पर इलाज शुरू नहीं किया। उन्होंने बताया कि अनुष्का को कमर के पास गंभीर चोट आई थी और वह स्ट्रेचर पर तड़पती रही। बार-बार कहने के बावजूद कि उसे सांस लेने में परेशानी हो रही है, स्टाफ ने उसकी बात अनसुनी कर दी।

निजी अस्पताल ने भी नहीं दिया इलाज

तिवारी ने बताया कि जब हालत बिगड़ती देख वे अनुष्का को एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां से भी उन्हें यह कहकर लौटा दिया गया कि मरीज को वहीं ले जाएं जहां से लाए हैं। इलाज में देरी और लापरवाही के चलते अनुष्का की स्थिति और बिगड़ती गई और आखिरकार उसने स्ट्रेचर पर ही दम तोड़ दिया।

खुशी का दिन हो गया मातम में तब्दील

अनुष्का के पिता ने बताया कि मंगलवार को ही बेटी का 10वीं का रिजल्ट आया था, जिसमें उसने अच्छे अंक हासिल किए थे। शाम को वह मां के साथ मंदिर गई और फिर नानी के घर मिठाई लेकर गई थी। पूरे परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन रात को हादसे ने सब कुछ बदल दिया।

Author Profile

Reporter
Reporter
Head Writer for technology and AI at mpcgsamachar.in. He specializes in demystifying the latest advancements in Artificial Intelligence and the broader tech industry, providing readers with clear, insightful analysis on innovation and its real-world impact.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top